Sports

जयपाल मालवीय ने रचा इतिहास, विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाजी के लिए आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय निशानेबाज जयपाल मालवीय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भारत को निशानेबाजी में पहला कोटा भी दिला दिया।

फाइनल मुकाबले में जयपाल ने कुल 242.2 अंक हासिल किए और आठ खिलाड़ियों के बीच दूसरे स्थान पर रहे। चीन के हू काई ने 243.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि जिंद्रिच डुबोवी 220.9 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें कांस्य पदक मिला।

जयपाल ने फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी शानदार निशाना लगाया था। उन्होंने छह सीरीज में कुल 585 अंक जुटाकर तीसरा स्थान हासिल किया और आसानी से फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में भी उन्होंने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए देश को ओलंपिक कोटा दिलाने की उपलब्धि हासिल की।

मनु भाकर और सुरूचि पदक से चूकीं

दूसरी ओर, महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर और सुरूचि इंदर सिंह को निराशा हाथ लगी। दोनों खिलाड़ी फाइनल में पदक जीतने में सफल नहीं हो सकीं। इसके साथ ही वे लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने से भी चूक गईं।

पेरिस ओलंपिक 2024 में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर ने फाइनल में 179.9 अंक हासिल किए और पांचवें स्थान पर रहीं। वहीं, एशियाई खेलों की मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुकीं सुरूचि इंदर सिंह 158.3 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं।

फाइनल के दौरान मनु को अपने निशाने में निरंतरता बनाए रखने में परेशानी हुई। उनके शॉट का स्कोर 8.8 से 10.7 अंक के बीच रहा और 18वें शॉट के बाद उनका सफर समाप्त हो गया। वहीं, सुरूचि भी आठ और नौ अंक के शॉट लगाने के कारण पिछड़ गईं। उन्हें 16वें शॉट के बाद प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।

हालांकि, महिला टीम स्पर्धा में भारत ने बेहतर प्रदर्शन किया। मनु भाकर, सुरूचि और संयम की तिकड़ी ने रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *