Entertainment

‘राइज एंड फॉल 2’ के विनर बने शहजाद पूनावाला, जीती ट्रॉफी और 35 लाख रुपये

रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ का रोमांचक सफर आखिरकार अपने अंजाम तक पहुंच गया है। छह सप्ताह तक चले इस शो में कई उतार-चढ़ाव और दिलचस्प मुकाबलों के बाद शहजाद पूनावाला ने जीत का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को हुए ग्रैंड फिनाले में शहजाद विजेता घोषित किए गए। उन्हें ट्रॉफी के साथ 35 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली। वहीं, अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी दूसरे और गौतम गुलाटी तीसरे स्थान पर रहे।

बाढ़ प्रभावित राज्यों की मदद करेंगे शहजाद

शो जीतने के बाद शहजाद पूनावाला ने एक ऐसा ऐलान किया, जिसने सबका ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि वह अपनी 35 लाख रुपये की पूरी इनामी राशि बाढ़ प्रभावित राज्यों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगे। शहजाद के इस फैसले की काफी चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि शो के पहले सीजन का खिताब अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने जीता था।

स्वरा भास्कर चौथे और करण पटेल पांचवें स्थान पर

‘राइज एंड फॉल 2’ के फिनाले में मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। अभिनेत्री स्वरा भास्कर चौथे स्थान पर रहीं, जबकि करण पटेल को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। खास बात यह रही कि शहजाद और स्वरा ने शो में शुरुआत में एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोला था। दोनों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन धीरे-धीरे उनकी दोस्ती हो गई और गेम का समीकरण बदल गया।

शो के पहले ही दिन सिवेट तोमर के साथ शहजाद की भिड़ंत ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद भी वह लगातार गेम में सक्रिय नजर आए और अपनी रणनीतियों से दर्शकों का ध्यान खींचते रहे।

बेबाक अंदाज और रणनीति से बनाई पहचान

शहजाद पूनावाला पूरे सीजन में अपनी बेबाक बातों और खेल की रणनीति को लेकर चर्चा में रहे। कई मौकों पर उन्हें शो का मास्टरमाइंड भी कहा गया। तेज प्रताप यादव के साथ उनकी दोस्ती, प्रियंका चाहर चौधरी के साथ मुकाबला और गौतम गुलाटी के साथ उनके बदलते रिश्ते दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बने रहे। यही वजह रही कि पूरे सीजन में उनका सफर काफी सुर्खियों में रहा।

शो में नजर आए थे ये प्रतियोगी

‘राइज एंड फॉल 2’ में शहजाद पूनावाला के अलावा सिवेट तोमर, काजल राघवानी, गौतम गुलाटी, प्रियंका चाहर चौधरी, तेज प्रताप यादव, मनीष कश्यप, करण पटेल, कायरा अनु, स्वरा भास्कर, निहारिका तिवारी, राज ग्रोवर, अनीश भगत, ऋषभ जायसवाल, जसवंत बोपन्ना, इरीना रुदाकोवा, सारा गुरपाल और सोनम मलिक ने हिस्सा लिया था।

क्या है ‘राइज एंड फॉल’ का कॉन्सेप्ट?

अमेजन प्राइम वीडियो का रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ अमीर और गरीब के बीच के अंतर पर आधारित है। इसमें प्रतियोगियों को दो समूहों में बांटा जाता है, जिन्हें ‘कामगार’ और ‘शासक’ कहा जाता है। कामगारों का लक्ष्य अपनी स्थिति बेहतर बनाकर शासक बनने का होता है, जबकि शासकों को अपनी जगह बनाए रखने के लिए लगातार रणनीति बनानी पड़ती है। इस सीजन को पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने होस्ट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *