बांग्लादेश में ड्रम के अंदर मिला हिंदू ज्वैलर का शव, सिर-छाती पर धारदार हथियार के निशान
ढाका। बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में एक हिंदू व्यक्ति का शव ड्रम के अंदर पानी में तैरता मिला। घटना बेगुनबाड़ी इलाके की है, जहां स्लूइस गेट के पास नहर में स्थानीय लोगों ने ड्रम देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय निरंजन चंद्र सूत्रधार के रूप में हुई है।
निरंजन मयमनसिंह के अठारबारी बिल्डिंग इलाके में साझेदारी में ज्वैलरी शॉप चलाते थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस अभी यह पता नहीं लगा सकी है कि उनकी हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी। शुक्रवार तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के ओसी मुहम्मद शिबिरुल इस्लाम के अनुसार, निरंजन के सिर और छाती पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि हत्या करने के बाद शव को ड्रम में डालकर पानी में फेंका गया।
पुलिस को शव की पैंट की जेब से मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड का एक टोकन मिला। संस्था से संपर्क करने पर मृतक की पहचान निरंजन चंद्र के रूप में हुई। इसके बाद उनकी पत्नी सुमिता रानी सूत्रधार और बेटे जॉय सूत्रधार ने शव की पहचान की।
सब-इंस्पेक्टर रूहुल अमीन के मुताबिक, बुधवार सुबह बेगुनबाड़ी इलाके में नहर के पानी में ड्रम तैरता दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रम से शव बरामद किया।
इस घटना के बाद बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठे हैं। अवामी लीग ने भी देश में अल्पसंख्यकों पर हमलों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने मंदिरों पर हमले, घरों में आगजनी, जमीन पर कब्जे और महिलाओं के खिलाफ हिंसा सहित कई आरोप लगाए हैं।
अवामी लीग ने रंगपुर में सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक गणपति चक्रवर्ती और उनके परिवार की हत्या का भी उल्लेख करते हुए सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। पार्टी ने इन घटनाओं को पिछली अंतरिम सरकार के दौर से जारी अल्पसंख्यक उत्पीड़न के पैटर्न से जोड़ा है। ये आरोप अवामी लीग की ओर से लगाए गए हैं।
