Uttarakhand

एसआईआर अभियान की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, 63,246 नोटिस वितरित

बूथ स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग और राजनीतिक दलों से दैनिक प्रगति साझा करने के निर्देश

चमोली:  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर की प्रगति, नोटिस वितरण, मतदाता मैपिंग, दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा बूथ स्तर की निर्वाचन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिसों में से 63,246 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष 101 नोटिसों के वितरण की कार्रवाई भी निर्धारित समयावधि में पूरी की जा रही है। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 21,900, थराली के 19,935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 21,512 नोटिस शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं, जिनमें से 2,61,060 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 633 बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक नामित किए गए हैं।

बैठक में बताया गया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 633 मतदेय स्थलों के सापेक्ष विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 1,184 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त किए जा चुके हैं। बैठक में निर्वाचन प्रपत्रों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-6, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए प्रारूप-8 के सापेक्ष संबंधित प्रपत्र उपलब्ध कराए जाते हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंच पाता है तो पुनः नोटिस जारी करने के साथ आवश्यकतानुसार चस्पा करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने का आग्रह किया। अधिकारियों को एसआईआर अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से साझा करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं विश्वासपूर्ण वातावरण में संपादित हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती सहित भाजपा से अनिल किशोर व विनोद कुमार, कांग्रेस से मदन लोहनी, आम आदमी पार्टी से अनूप रावत तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *