Uttarakhand

सतीश की संदिग्ध मौत पर भड़के सफाई कर्मचारी, भगत सिंह चौक पर लगाया जाम

मसूरी। नगर पालिका कर्मचारी सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर मसूरी में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने सोमवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। आक्रोशित कर्मचारियों ने कुलड़ी पुलिस चौकी के बाहर धरना दिया। इसके बाद भगत सिंह चौक पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना था कि सतीश की मौत के पीछे जिन लोगों की भूमिका है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कर्मचारियों ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

कुलड़ी पुलिस चौकी के बाहर काफी देर तक प्रदर्शन के बावजूद जब कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो कर्मचारियों की नाराजगी और बढ़ गई। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी भगत सिंह चौक पहुंचे और वहां जाम लगाकर पुलिस एवं नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

मामले की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी नाराजगी दूर करने और आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

बाद में सीओ जगदीश पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कुछ पर्यावरण मित्र सीओ के साथ कोतवाली पहुंचे और वहां पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं।

कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि सतीश की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल इस मामले को लेकर मसूरी में कर्मचारियों का आक्रोश बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *